उद्यमियों के महाकुंभ यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2.0 का आज होगा भव्य शुभारंभ

सीएम योगी की उपस्थिति में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे मेगा इवेंट का शुभारंभ, 29 को समापन समारोह में पीयूष गोयल होंगे मुख्य अतिथि।

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2024 के दूसरे संस्करण का शुभारंभ आज 25 सितंबर को ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में किया जाएगा। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस भव्य आयोजन का उद्घाटन करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति भी होगी। यह आयोजन पहले से भी बड़ा और आकर्षक होने जा रहा है। इसकी पहुंच, व्यापार, और संभावनाओं के मामले में बड़ी आकांक्षाएं हैं। इस भव्य आयोजन के माध्यम से दुनिया प्रदेश के क्राफ्ट, कुजीन और कल्चर से रूबरू होगी। इसमें उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में निर्मित और बनाए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा, तो भारत और वियतनाम का जायका भी आगंतुकों को आकर्षित करेगा।

Source: UP Govt. Official Website

साढ़े 3 लाख से ज्यादा लोगों की उम्मीद

एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने बताया कि इस वर्ष 3,50,000 से अधिक आगंतुकों के आने की उम्मीद है, जो पिछले वर्ष से अधिक है। 70 देशों से 350 से ज्यादा अंतर्राष्ट्रीय खरीदार पहले ही पंजीकरण कर चुके हैं। इस आयोजन में 2500 से अधिक स्टॉल्स होंगे, जहां उत्तर प्रदेश के विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे राज्य की कला, संस्कृति और खानपान की झलक मिलेगी।

अभिनव उत्पादों का प्रदर्शन

Source: UP Govt. Official Website

इस आयोजन में उत्तर प्रदेश के कई विभाग अपने अभिनव उत्पादों को शोकेस करेंगे। इसमें खादी एवं ग्रामोद्योग, ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट), ग्राम्य विकास, और संस्कृति एवं सूचना विभाग के योगदान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रदेश के उभरते निर्यातकों को भी अपनी दक्षता दिखाने का मौका मिलेगा। रक्षा विनिर्माण के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश की उपलब्धियों को भी इस आयोजन के माध्यम से दर्शाया जा रहा है। स्टार्ट अप, ई-कॉमर्स, एक्सपोर्ट्स आदि विषयों पर तकनीकी सत्रों का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसके माध्यम से उद्यमियों और युवाओं को एक नई दिशा एवं दृष्टि प्राप्त होगी।

Source: UP Govt. Official Website

सांस्कृतिक कार्यक्रम और फैशन शो

इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस (ICCR) के सहयोग से वियतनाम, बोलीविया, रूस, वेनेजुएला, मिश्र और कजाकिस्तान के सांस्कृतिक समूह अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। उत्तर प्रदेश की पारंपरिक पोशाकों को प्रदर्शित करने के लिए एक विशेष फैशन शो का भी आयोजन किया जाएगा। उत्तर प्रदेश के परम्परागत परिवेश एवं परिधान को दुनिया के सामने एक फैशन शो के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। फैशन शो में कपड़ा मंत्री, भारत सरकार गिरिराज सिंह भी उपस्थित रहेंगे। शुभारम्भ सत्र में देश के एमएसएमई मंत्री जीतन राम मांझी एवं प्रदेश के औ‌द्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल नंदी द्वारा प्रतिभाग किया जाएगा।

प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां

इस कार्यक्रम में देश के मशहूर कलाकार जैसे अंकित तिवारी, कनिका कपूर, और यूफोरिया बैंड के पलाश सेन भी अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगाएंगे। इसके अलावा, वियतनाम और अन्य देशों के सांस्कृतिक कलाकार भी अपनी विशेष प्रस्तुतियां देंगे। इस आयोजन में कई आकर्षक गतिविधियों का समावेश होगा, जिसमें सम्मेलन, उत्पाद प्रदर्शन, फैशन शो और लेजर शो शामिल हैं। इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों जैसे ब्रज, अवध, रोहिलखंड, बुंदेलखंड, पूर्वांचल, और पश्चिमी यूपी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, संस्कृति विभाग द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी। दर्शक शिव तांडव और कथक नृत्य नाटकों जैसी शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे।

आम जनता के लिए प्रवेश

ट्रेड शो दोपहर 3 बजे से रात 10 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा, जबकि 11 बजे से 3 बजे तक का समय व्यापारिक घंटों के लिए निर्धारित किया गया है। आम लोग इसमें आकर उत्तर प्रदेश के उत्पादों को देख और खरीद सकेंगे।

उत्सव का समापन

यह ट्रेड शो 29 सितंबर को केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा समाप्त होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और उनके उत्पादों को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाना है।

Related Articles

Back to top button
जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency मधुमेह के साथ वजन बढ़ाने के उपाय