रूस के परमाणु चालित मिसाइल टेस्ट पर ट्रंप की तल्ख टिप्पणी, क्रेमलिन ने किया पलटवार

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस से मिसाइल परीक्षण रोकने और यूक्रेन युद्ध समाप्त करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी पनडुब्बी रूसी तट के पास है। क्रेमलिन ने जवाब दिया कि रूस अपनी सुरक्षा के अनुसार कार्य करता है। पुतिन ने बुरेवेस्तनिक मिसाइल की क्षमता बताई, वहीं यूक्रेन ने रूस पर ड्रोन हमले किए, जिनमें से कई नष्ट कर दिए गए।

हफ्ते भर पहले फोन पर रूसी राष्ट्रपति से दो घंटे बात करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तल्ख अंदाज में कहा है कि पुतिन को मिसाइल टेस्ट न करके यूक्रेन में युद्ध रोकना चाहिए। साथ ही यह भी कहा कि परमाणु हथियारों से लैस अमेरिकी पनडुब्बी रूस के समुद्री तट के नजदीक है। उसे कुछ हफ्ते पहले ही वहां तैनात किया गया था।

रूस की टेस्ट की गई नई मिसाइल पर प्रतिक्रिया में ट्रंप ने कहा, नाटो ने इसे स्काइफाल मिसाइल नाम दिया है। ट्रंप ने कहा, वे (रूसी) जानते हैं कि परमाणु शक्ति चालित परमाणु हथियारों से लैस अमेरिकी पनडुब्बी उनके तट के नजदीक है। वह दुनिया का सबसे घातक हथियार है। हमें 14 हजार किलोमीटर दूर से हमले की जरूरत नहीं होगी।

ट्रंप ने कहा, उन्हें लगता है कि पुतिन का इस समय मिसाइल का परीक्षण और उससे हमले की बातें करना उचित नहीं है। यह समय यूक्रेन युद्ध को रोकने पर विचार करने का है जिसे चलते हुए लगभग चार वर्ष हो गए हैं। विमान में यात्रा के दौरान संवाददाताओं से ट्रंप की बातचीत का यह आडियो व्हाइट हाउस ने जारी किया है।

ट्रंप की प्रतिक्रिया के जवाब में रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि रूस अपनी सुरक्षा और राष्ट्रीय हितों को देखते हुए कार्य करता है। इस मिसाइल परीक्षण से अमेरिका के साथ संबंधों में तनाव बढ़ने का कोई कारण नहीं है। सभी मुद्दों पर अमेरिका के साथ वार्ता के हमारे रास्ते खुले हुए हैं। रूस के राष्ट्रपति राष्ट्रीय हितों के अनुसार वार्ता पर निर्णय लेंगे।

बुरेवेस्तनिक विश्व में कहीं पर भी परमाणु हमले में सक्षम

रविवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बताया था कि उनके देश ने अद्भुत मिसाइल का परीक्षण किया है। सोमवार को उस मिसाइल का नाम और विवरण सार्वजनिक हुए हैं। परमाणु शक्ति चालित बुरेवेस्तनिक मिसाइल दुनिया में कहीं पर ही हमला करने में सक्षम है। यह 1,300 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से बहुत कम ऊंचाई पर चलती है और अपना रास्ता बदलती रहती है, इसलिए इसे ट्रैक कर पाना लगभग असंभव है।

बुरेवेस्तनिक परमाणु हथियार का अचूक हमला करने वाली क्रूज मिसाइल है। यह परमाणु शक्ति से चलने वाली दुनिया की पहली मिसाइल है। रूस ने इस मिसाइल को 14 हजार किलोमीटर दूर भेजकर इसका अंतिम परीक्षण किया। रूस ने बुरेवेस्तनिक मिसाइल बनाने की घोषणा 2018 में की थी। यह अमेरिका के 2001 में घोषित मिसाइल डिफेंस सिस्टम योजना को विफल करने वाला हथियार है। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा है कि सेना अब इसे इस्तेमाल में लेने की तैयारी करे।

मॉस्को की ओर जा रहे 34 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए

यूक्रेन ने सोमवार को रूस पर 200 से ज्यादा हमलावर ड्रोन छोड़े। ब्रियांस्क इलाके में ड्रोन हमले की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। रूस का दावा है कि इनमें से 193 को आकाश में ही नष्ट कर दिया गया। इनमें से मास्को की ओर जा रहे सभी 34 ड्रोन शामिल हैं। कीव पर रूसी हमलों के जवाब में यूक्रेन मास्को पर हमले की लगातार कोशिश कर रहा है लेकिन वह सफल नहीं हो रहा है। पिछले कई दिनों में मास्को की ओर जा रहे यूक्रेनी ड्रोन आकाश में नष्ट किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button
T20: भारत का क्लीन स्वीप जानिये कितने खतरनाक हैं कबूतर। शतपावली: स्वस्थ रहने का एक आसान उपाय भारतीय मौसम की ALERT कलर कोडिंग In Uttar Pradesh Call in Emergency