अमेरिकी डॉलर पर अब होंगे ट्रंप के हस्ताक्षर, 165 साल में पहली बार नोट पर होगा सिटिंग प्रेसिडेंट का नाम

अमेरिका में डॉलर नोटों पर बड़ा बदलाव आने वाला है। राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का हस्ताक्षर अब नए कागजी नोटों पर छपेगा। यह अमेरिकी इतिहास में पहली बार होगा जब कोई मौजूदा राष्ट्रपति अपनी मुद्रा पर इस तरह शामिल होगा।
ट्रेजरी विभाग ने गुरुवार को घोषणा की कि यह कदम देश की आजादी के 250वें वर्ष के उपलक्ष्य में उठाया जा रहा है। 1861 से चली आ रही 165 साल पुरानी परंपरा टूटेगी। अब तक नोटों पर सिर्फ ट्रेजरी सचिव और ट्रेजरर ऑफ द यूनाइटेड स्टेट्स के सिग्नेचर होते थे। ट्रेजरर का सिग्नेचर हटाया जाएगा।
जून से शुरू होगा नया प्रिंटिंग
ट्रेजरी के अनुसार, जून से 100 डॉलर के नए नोट छपने लगेंगे, जिन पर राष्ट्रपति ट्रंप और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर होंगे। बाद में अन्य मूल्यवर्ग के नोट भी इसी तरह जारी किए जाएंगे।
वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ रहा है। डॉलर पर उनका नाम लगना देश की उपलब्धियों को यादगार बनाने का शानदार तरीका है।
सोने के सिक्के पर भी ट्रंप की तस्वीर
इसके अलावा, आजादी के 250वें मौके पर एक विशेष 24 कैरेट गोल्ड कमेमोरेटिव कॉइन जारी किया जाएगा। इसमें ट्रंप को रिजॉल्यूट डेस्क पर झुके हुए और मुट्ठी भींचे दिखाया गया है। अमेरिका की फाइन आर्ट्स कमीशन ने डिजाइन को मंजूरी दे दी है।
नोट पर सिग्नेचर तो नया है, लेकिन जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर स्मारक सिक्के पर इससे पहले भी एक बार छपी थी। कानूनी रूप से सामान्य मुद्रा पर जीवित राष्ट्रपति की तस्वीर छापने पर पाबंदी है, लेकिन प्रशासन इसे स्मारक के रूप में देख रहा है।



