कनाडा का वीजा लगवाने के नाम पर व्यक्ति के साथ हुई 9 लाख की ठगी

घुमारवीं पुलिस थाना के अंतर्गत एक व्यक्ति से कनाडा का वीजा लगवाने के नाम पर 9 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित व्यक्ति अनिल कुमार पुत्र शिवराम निवासी गांव साड़ग डाकघर कुठेड़ा की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में अनिल कुमार ने कहा है कि उसका संपर्क ऐसे लोगों से हुआ जो कनाडा जाने के लिए वीजा लगवा रहे थे। उन लोगों के कहने पर उसने भी कनाडा जाने की इच्छा जाहिर की। इस पर वह एक आरोपी से चंडीगढ़ में मिला।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उससे वीजा लगवाने के लिए 9 लाख रुपए हड़प लिए। शिकायतकर्ता ने 9 लाख रुपए की राशि बैंक के माध्यम से अदा की है। जानकारी के मुताबिक आरोपित लोगों ने शिकायतकर्ता को कनाडा जाने का वीजा भी दे दिया था लेकिन इन लोगों ने बताया कि इस वीजा की अवधि समाप्त हो गई है। अब उसे (शिकायतकर्ता) दोबारा वीजा लगवाना पड़ेगा। डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related Articles

Back to top button