ऐसे लक्षण भी हो सकते हैं लिवर कैंसर का संकेत

लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। रक्त में रासायनिक स्तरों को संतुलित करने, भोजन को पचाने के लिए पित्त नामक उत्पाद का उत्सर्जन करने और शरीर से अपशिष्टों को बाहर निकालने के लिए लिवर का ठीक तरीके से काम करते रहना जरूरी है। हालांकि लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण लिवर से संबंधित गंभीर रोग और कैंसर के मामले पिछले एक दशक में काफी तेजी से बढ़ते हुए देखे जा रहे हैं।

अध्ययन की रिपोर्ट के अनुसार बड़ी संख्या में युवा आबादी भी लिवर कैंसर जैसी जानलेवा समस्याओं का शिकार हो रही है। डॉक्टर कहते हैं, अगर समय रहते इस कैंसर के लक्षणों का पता लगाकर इलाज प्राप्त कर लिया जाए तो रोग के गंभीर रूप लेने और मृत्युदर को कम करने में मदद मिल सकती है।

लिवर कैंसर के कुछ लक्षण बहुत अप्रत्याशित होते हैं जिनपर अक्सर लोगों का ध्यान नहीं जाता है। आइए जानते हैं कि लिवर कैंसर की पहचान कैसे की जा सकती है?

लिवर में कैंसर की समस्या
लिवर कैंसर की पहचान कैसे की जाए इसे जानने से पहले इस अंग में होने वाले कैंसर के बारे में जानना जरूरी है। लिवर में कई प्रकार के कैंसर हो सकते हैं, हेपेटोसेलुलर कार्सिनोमा उनमें सबसे आम है जो मुख्य रूप से लिवर की कोशिकाओं (हेपेटोसाइट) में शुरू होता है।

डॉक्टर बताते हैं, लिवर कैंसर के शिकार कई लोगों में शुरुआत में कोई भी लक्षण नजर नहीं आते हैं। हालांकि समय के साथ जैसे-जैसे कैंसर बढ़ता है, लक्षण भी गंभीर रूप लेने लगते हैं। आइए जानते हैं कि लिवर कैंसर की पहचान कैसे की जा सकती है?

पेट में होने वाली समस्याएं
लिवर में होने वाली बीमारियों-कैंसर के शुरुआती लक्षण पेट में होने वाली असहजता के रूप में नजर आते हैं। इसमें पेट में दाहिनी ओर दर्द होना सबसे आम है।

आमतौर पर इस तरह के दर्द को गैस के कारण होने वाला दर्द मान लिया जाता है। पेट में दर्द के साथ-साथ अगर पेट में सूजन और अक्सर उल्टी-मितली की समस्या बनी रहती है तो इस बारे में गंभीरता से ध्यान देना जरूरी हो जाता है। ये भी कैंसर का संकेत हो सकता है।

पीलिया की दिक्कत
लिवर में होने वाली बीमारियों और कैंसर में भी बार-बार पीलिया होना एक सामान्य संकेत हो सकता है। रक्त प्रवाह में बिलीरुबिन की मात्रा काफी बढ़ जाने के कारण पीलिया होती है। इसमें त्वचा और आंखों का सफेद भाग पीला दिखाई देने लगता है। डॉक्टर बताते हैं, लिवर के ठीक तरीके से काम न करने की स्थिति में इस तरह की दिक्कत होती है। अगर आपको भी बार-बार पीलिया हो रहा है तो इसपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना जरूरी है।

लिवर कैंसर के इन संकेतों के बारे में भी जानिए
लिवर कैंसर के अधिकांश लक्षण पेट में होने वाली कई अन्य समस्याओं की तरह ही होते हैं यही कारण है कि इसकी पहचान कर पाना लोगों के लिए कठिन हो जाता है। पेट में होने वाली समस्याओं और पीलिया के अलावा कुछ और संकेतों पर ध्यान देकर भी लिवर की इस गंभीर बीमारी का पता लगाया जा सकता है।

  • बिना प्रयास किए वजन कम होना
  • भूख न लगना, अक्सर कमजोरी होते रहना।
  • अक्सर उल्टी जैसा अनुभव होते रहना।
  • कमजोरी और थकान
  • पेट में सूजन बने रहना।

Related Articles

Back to top button